विदेश

दुनिया के सम्राट नहीं चुने गए हैं ट्रंपः लूला

जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स हनोवर में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा का स्वागत करेंगे, जहां दोनों नेता हनोवर मेसे व्यापार मेले का उद्घाटन करेंगे.

दुनिया के सम्राट नहीं चुने गए हैं ट्रंपः लूला
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स हनोवर में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा का स्वागत करेंगे, जहां दोनों नेता हनोवर मेसे व्यापार मेले का उद्घाटन करेंगे.जर्मनी के चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स रविवार को उत्तरी शहर हनोवर में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला दा सिल्वा से मिल रहे हैं. दोनों नेता दुनिया के सबसे बड़े औद्योगिक व्यापार मेलों में से एक, हनोवर मेसे का उद्घाटन करेंगे.

उद्योग मेले की शुरुआत से पहले, मैर्त्स हनोवर के ऐतिहासिक हेरेनहाउजेन पैलेस में लूला का सैन्य सम्मान के साथ स्वागत होगा. इसके बाद दोनों नेताओं की एक निजी बैठक होगी. सोमवार को इसी पैलेस में जर्मनी‑ब्राजील सरकारों के बीच बैठकें होंगी. इनका मकसद व्यापार, कच्चे माल, रक्षा, डिजिटलीकरण, अनुसंधान और जलवायु संरक्षण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है.

ट्रंप पर बोले लूला

विदेश नीति से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में रहने की संभावना है, जिनमें ईरान, वेनेजुएला और क्यूबा को लेकर अमेरिका की कार्रवाइयां शामिल हैं. लूला संयुक्त राष्ट्र में सुधार की वकालत कर रहे हैं और जर्मनी की तरह वे भी सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट चाहते हैं, जिसमें वीटो अधिकार होते हैं. वामपंथी राष्ट्रपति लूला, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की राजनीति से संतुलन बनाने की कोशिश में हैं.

जर्मनी दौरे से पहले डेर श्पीगेल पत्रिका से बातचीत में लूला ने कहा, "ट्रंप को दुनिया का सम्राट नहीं चुना गया है. वह लगातार दूसरे देशों को युद्ध की धमकी नहीं दे सकते.”

जर्मनी ब्राजील का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. ब्राजील, हनोवर मेसे में खुद को "एक टिकाऊ, इनोवेटिव और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक शक्ति” के रूप में पेश करना चाहता है. यह जानकारी ब्राजील के विदेश मंत्रालय के व्यापार विभाग के प्रमुख कार्लोस एनरिके मोस्कार्दो ने दी.

खाने पर बयानबाजी जारी

इस दौरे के दौरान लूला जर्मन भोजन का स्वाद लेने को भी उत्सुक हैं. उन्होंने मैर्त्स को पहले ही बताया है कि जर्मनी में रहते हुए उन्हें सड़क किनारे मिलने वाले पारंपरिक सॉसेज चखना पसंद है.

हालांकि, लूला की यह टिप्पणी एक हल्का सा तंज भी मानी जा रही है. इससे पहले उन्होंने मैर्त्स को ब्राजील के किसी बार में जाकर स्थानीय खाना चखने का सुझाव दिया था. यह टिप्पणी तब आई थी जब मैर्त्स ने ब्राजील के बेलेम में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के बाद कहा था कि पत्रकार वहां से निकलकर खुश थे. इस बयान पर मैर्त्स की आलोचना हुई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2026 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).