IND vs AFG, Only Test Match Day 2: शुभमन गिल ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये खास रिकॉर्ड, बतौर कप्तान रच दिया नया इतिहास
शुभमन गिल (Photo Credit: X Formerly Twitter)

India National Cricket Team vs Afghanistan National Cricket Team, Only Test Match Day 2 Live Scorecard Update: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से खेला जा रहा है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ (New Chandigarh) के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Maharaja Yadavindra Singh International Cricket Stadium), मुल्लांपुर में खेला जा रहा है. पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर 368 रन बना लिए थे. टीम इंडिया की धमाकेदार शुरुआत रही. उपकप्तान केएल राहुल (100) और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेली. दिन का खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत (50*) और गिल (103*) नाबाद थे. अफगानिस्तान की गेंदबाजी और फील्डिंग बेहद खराब रही. आज यानी 7 जून को दूसरे दिन का खेल भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जा रहा है. भारतीय टीम शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी में मैदान में उतरी है, जबकि अफगानिस्तान की कमान हश्मतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi) संभाल रहे हैं. यह भी पढ़ें: Explainer: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने की क्या है न्यूनतम आयु सीमा, जानें किस आधार पर वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़ते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. गिल ने इस मुकाबले में बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे किए और इतिहास रच दिया. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के 11वें टेस्ट कप्तान बने हैं. खास बात यह रही कि गिल ने कप्तान के रूप में अपनी सिर्फ 15वीं टेस्ट पारी में 1,000 रन का आंकड़ा छू लिया. इस मामले में उनसे आगे केवल पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 14 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी.

सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा

अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान गिल ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. वह सबसे कम समय में भारतीय टेस्ट कप्तान के रूप में 1,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. शुभमन गिल ने कप्तानी संभालने के 351 दिनों के भीतर यह मुकाम हासिल किया, जबकि सचिन को बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने के लिए 405 दिन लगे थे. इस शतक के साथ गिल के नाम बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान 6 शतक भी हो गए हैं.

बतौर कप्तान लगातार चमक रहा है बल्ला

शुभमन गिल का बतौर टेस्ट कप्तान प्रदर्शन अब तक बेहद शानदार रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाने के बाद उनके नाम कप्तानी करते हुए 6 टेस्ट शतक हो चुके हैं.भारतीय कप्तानों में उनसे आगे केवल विराट कोहली (20), सुनील गावस्कर (11), मोहम्मद अजहरुद्दीन (9) और सचिन तेंदुलकर (7) हैं. गिल ने अपने पहले 9 टेस्ट मैचों में कप्तान रहते हुए 1,000 से ज्यादा रन बना लिए हैं. उनकी औसत 87 से अधिक की है. इस दौरान उन्होंने 7 बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है, जिनमें 6 शतक शामिल हैं.

ऐसा रहा मैच में शुभमन गिल का प्रदर्शन

शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ 177 गेंदों में 126 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 1 छक्का लगाया. उनकी स्ट्राइक रेट 71.19 की रही. इस पारी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के साथ-साथ गिल के करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ दी.

कुछ ऐसा रहा है शुभमन गिल का टेस्ट करियर

शुभमन गिल ने साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद से वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम के अहम स्तंभ बन चुके हैं. अब तक शुभमन गिल 41 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. 74 पारियों में शुभमन गिल ने 44.31 की औसत से 2,969 रन बनाए हैं. इस दौरान शुभमन गिल के नाम 11 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं. टेस्ट क्रिकेट में शुभमन गिल का सर्वोच्च स्कोर 269 रन है.

नोट: भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के इस मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.