काठमांडू, 23 दिसंबर भारतीय और वियतनामी मूल के लोगों की हत्या करने वाले कुख्यात फ्रांसीसी ‘सीरियल किलर’ चार्ल्स शोभराज को यहां की एक जेल से रिहा होने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार को फ्रांस भेज दिया गया। उसने 1970 के दशक में एशिया भर में अपने द्वारा की गई हत्याओं के लिए अधिकांश सजा यहां की जेल में काटी।
अधिकारियों ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के दो दिन बाद शोभराज (78) को काठमांडू की केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया और उसके यात्रा दस्तावेजों को आगे की प्रक्रिया के लिए आव्रजन अधिकारियों को सौंप दिया गया था।
नेपाल के उच्चतम न्यायालय ने शोभराज को रिहा करने और वापस उसके गृह देश भेजने का आदेश दिया था।
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव और प्रवक्ता फनींद्र मणि पोखरेल ने कहा कि शोभराज अगले दस वर्षों तक नेपाल में प्रवेश नहीं कर पाएगा।
‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार ने पोखरेल के हवाले से कहा, "गृह मंत्रालय ने चार्ल्स शोभराज को निर्वासित कर दिया है और अगले दस वर्षों के लिए नेपाल में उसके प्रवेश करने पर रोक लगा दी है।"
शोभराज पहले कतर एअरवेज की उड़ान संख्या क्यूआर 647 से दोहा और फिर पेरिस के लिए रवाना होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY