लॉकडाउन की वजह से उप्र के महाराजगंज में फंसा फ्रांसीसी परिवार
यह परिवार फरवरी से अपने चारपहिया वाहन से यात्रा पर निकला था लेकिन जब ये नेपाल सीमा में प्रवेश करने वाले थे तो उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लागू लॉकडाउन में महाराजगंज जिले में रोक लिया गया। प्रशासन ने इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और ये सभी स्वस्थ पाये गये।
गोरखपुर (उप्र), 16 अप्रैल सड़क रास्ते से यात्रा पर निकले फ्रांस के एक परिवार को लॉकडाउन के चलते महाराजगंज के सिंघौरा गांव में रूकने पर मजबूर होना पड़़ा है।
यह परिवार फरवरी से अपने चारपहिया वाहन से यात्रा पर निकला था लेकिन जब ये नेपाल सीमा में प्रवेश करने वाले थे तो उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लागू लॉकडाउन में महाराजगंज जिले में रोक लिया गया। प्रशासन ने इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और ये सभी स्वस्थ पाये गये।
नौतनवा के एसडीएम जसवीर सिंह ने बताया कि फ्रांस के टोलोस शहर के रहने वाले पल्लारेज पैट्रिस, उनकी पत्नी वर्जीनी, बेटियां ओफेली और लोला तथा पुत्र टॉम फरवरी से यात्रा पर निकले थे। जब वे नेपाल की सीमा में प्रवेश करने वाले थे तभी लॉकडाउन प्रारंभ हो गया और सीमायें सील कर दी गयीं।
उन्होंने बताया कि इसके बाद इन्हें लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र के निकट गांव के एक मंदिर में ठहरा दिया गया। सिंह के अनुसार प्रशासन इन्हें खाने-पीने का सामान उपलब्ध करा रहा है और उनकी जांच भी कराई गयी जिसमें वे स्वस्थ पाये गये।
सिंह के अनुसार प्रशासन इन लोगों को किसी बेहतर जगह ठहराने की कोशिश कर रहा था लेकिन इन लोगों ने कहा कि वे जंगल के निकट इस मंदिर में ज्यादा बेहतर महसूस कर रहे हैं।
महाराजगंज के जिलाधिकारी डॉ उज्ज्वल कुमार ने बताया कि इस बारे में फ्रांस के दूतावास को बता दिया गया है और उन्होंने इनकी वीजा अवधि बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि हम फ्रांसीसी परिवार का पूरा ख्याल रख रहे हैं और ये सब पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 02:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

