देश की खबरें | फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन ने की झारखंड के हजारीबाग की यात्रा

हजारीबाग (झारखंड), आठ जून भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन झारखंड के हजारीबाग जिले में विकास गतिविधियों का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को इस जिले का दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि लेनैन ने हजारीबाग के विभिन्न स्थानों की यात्रा की और वह प्रसिद्ध ग्रामीण कला ‘सोहराई’ पेंटिंग को देखकर प्रभावित हुए।

हजारीबाग के सांसद जयंत सिन्हा ने डेमोटांड़ स्थित अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में जिले के प्रमुख सोहराई चित्रकारों को आमंत्रित किया था, जहां उन्हें फ्रांस के राजदूत से मिलवाया गया।

अधिकारी ने कहा कि लेनैन ने एक वैश्विक खाद्य प्रसंस्करण संयंत्र, हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और एनटीपीसी (राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड) की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना का भी दौरा किया।

उन्होंने यहां सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्रों के एक समूह के साथ बातचीत की।

लेनैन ने संवाददाताओं से कहा कि फ्रांस की भारत के साथ पुरानी मित्रता है और उसकी हर क्षेत्र में निवेश में दिलचस्पी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)