देश की खबरें | रेलिगेयर इंटरप्राइजेज लिमिटेड के पूर्व निदेशक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

नयी दिल्ली, दो जुलाई दिल्ली पुलिस ने रेलिगेयर इंटरप्राइजेज लिमिटेड (आरईएल) के एक पूर्व निदेशक और अन्य के खिलाफ कंपनी से तीन करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के संबंध में एक मामला दर्ज किया है । अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया ।

पुलिस ने बताया कि आरईएल की सहायक कंपनी रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (आरएफएल) के संदिग्ध लेन-देन से यह मामला जुड़ा हुआ है । फर्जी बिल और जाली कागजात के जरिए कंपनी के साथ तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की जालसाजी की गयी ।

यह भी पढ़े | मुंबई के नानावटी अस्पताल के खिलाफ FIR दर्ज, कोरोना मरीजों से अधिक पैसा वसूलने का आरोप.

बिल के बारे में आंतरिक जांच करने के बाद आरएफएल ने आरईएल के पूर्व निदेशक और अन्य के खिलाफ दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत दर्ज करायी ।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ हमने आरईएल के बोर्ड के पूर्व निदेशक और अन्य के खिलाफ आरएफएल को तीन करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है ।’’

यह भी पढ़े | सोपोर की रहने वाली 10 साल की आलिया तारिक को मिला जम्मू-कश्मीर का पहला डोमिसाइल सर्टिफिकेट.

प्राथमिकी के अनुसार आरोपी 17 नवंबर 2017 से 13 फरवरी 2018 तक आरईएल के बोर्ड का निदेशक था ।

प्राथमिकी में आरएफएल ने कहा कि निदेशक कभी भी आरएफएल में प्रबंधन के पद पर नहीं था और कंपनी की ओर से उसे किसी भी तरह के भुगतान की अनुमति देने का भी अधिकार नहीं था ।

आरएफएल ने यह भी आरोप लगाया कि निदेशक ने अपने अधिकार और प्रभाव का इस्तेमाल कर कंपनी के धन का हेरफेर किया जिससे संस्थान को नुकसान हुआ ।

प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी और अन्य ज्ञात एवं अज्ञात लोगों ने मिलकर साजिश की और फर्जी बिल बनाकर आरएफएल की धनराशि का गबन किया ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)