गुरुग्राम, 25 अक्टूबर गुरुग्राम में मामूली विवाद के कारण चार लोगों ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के एक कमांडो पर कथित तौर पर हमला किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि खेरकी दौला थाने में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और मानेसर में एनएसजी केंद्र में तैनात शिकायतकर्ता चुन्नू अंसारी के अनुसार, वह सोमवार शाम को वह कुछ खाने को लेने के वास्ते सेक्टर-80 में स्थित एक लोकप्रिय रेस्तरां गये थे।
अंसारी ने अपनी शिकायत में कहा, जैसे ही वह शाम करीब छह बजे रेस्तरां से बाहर आये वहां एक कार ने चार लोगों के साथ सड़क को अवरुद्ध किया। उन्होंने बताया कि कार में सवार लोग कथित तौर पर शराब के नशे में थे।
शिकायतकर्ता ने बताया, ''जैसे ही मैंने लोगों से अपनी कार हटाने को कहा, उन्होंने अपशब्द कहने शुरू कर दिए और मेरे साथ मारपीट की।''
शिकायत में कहा गया है कि चारों ने मौके से फरार होने से पूर्व एनएसजी कमांडो को जान से मारने की धमकी भी दी।
अंसारी के मुताबि, ''उन्हें पता चला है कि एक आरोपी का नाम लक्ष्य कटारिया था।''
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-323 (चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
खेड़की दौला थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने कहा, ''हमने मुख्य आरोपी लक्ष्य कटारिया को गिरफ्तार किया है, जिसे जांच में शामिल होने के बाद जमानत पर छोड़ दिया गया था। हम अन्य आरोपियों की भूमिका की पुष्टि कर रहे हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY