देश की खबरें | गाजियाबाद में सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

गाजियाबाद (उप्र), पांच अक्टूबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी में बुधवार को एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 10 माह की इनायत, सानिया (15), शबनूर (21) और रुकैया (24) के रूप में हुई है।

मेरठ के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने मीडिया को बताया कि सिलेंडर के पाइप में रिसाव के कारण विस्फोट हुआ। लोनी के बबलू गार्डन कॉलोनी इलाके में पूर्वाह्न करीब 11 बजे भोजन पकाते समय यह हादसा हुआ।

विस्फोट इतना जबरदस्त था कि घर की दीवारें और छत मलबे में तब्दील हो गए, जिसमें छह लोग दब गए।

दमकल की टीम ने उत्खनन की मदद से सभी को बाहर निकाला और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने बताया कि दो अन्य लोगों का लोनी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों का पर्याप्त इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)