देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान चार की मौत

मुंगेली, 23 जून छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस के प्रभाव में आने से सफाई कर्मचारी समेत चार लोगों की मौत हो गई।

मुंगेली के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के सरगांव नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत मर्राकोना गांव में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत हो गई है।

यह भी पढ़े | आयुष मंत्रालय ने कोविड-19 की ‘दवा’ पर पतंजलि से मांगा ब्योरा, जांच पूरी होने तक प्रचार पर रोक.

मर्राकोना गांव निवासी मनसाराम कौशिक के घर में मंगलवार को टैंक की सफाई का कार्य किया गया। इसके बाद परिवार का एक सदस्य जब भीतर की ओर देख रहा था तब वह बेहोश होकर उसमें गिर पड़ा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब परिवार के दो अन्य उसे निकालने टैंक में गए तब वह बाहर नहीं आए। बाद में जब सफाई कर्मचारी भीतर गया तब वह भी बेहोश होकर वहीं गिर गया।

यह भी पढ़े | रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मॉस्को में नहीं करेंगे चीनी समकक्ष वेई फेंगे के साथ बैठक, गलवान घाटी संघर्ष पर नहीं होगी कोई बातचीत.

अधिकारियों ने बताया कि जब चारों बाहर नहीं निकले तब ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान एक ही परिवार के अखिलेश्वर कौशिक (40), गौरीशंकर कौशिक (28) और रामखिलावन कौशिक (45) तथा सफाई कर्मचारी सुभाष दगौर (35) के रूप में की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, सभी की मौत टैंक में जहरीली गैस के रिसाव के कारण हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस हादसे पर दुख जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)