देश की खबरें | कर्नाटक के उडुपी में महिला को पेड़ से बांधकर मारपीट करने के मामले में चार गिरफ्तार

उडुपी (कर्नाटक), 19 मार्च कर्नाटक के उडुपी जिले में मछली चोरी का आरोप लगाकर एक महिला को कथित तौर पर पेड़ से बांधने और उसके साथ मारपीट करने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 18 मार्च को हुई और कथित हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कथित घटना के वीडियो में एक महिला पीड़ित को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही है, जबकि भीड़ खड़ी है। बाद में पीड़ित को एक पेड़ से बांध दिया गया और फिर से उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सार्वजनिक अपमान के बावजूद, किसी ने भी इसे रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया।

उडुपी के पुलिस अधीक्षक अरुण के ने बताया कि विजयनगर जिले की रहने वाली पीड़िता पर स्थानीय लोगों ने मछली चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि जिस महिला ने कथित तौर पर पीड़िता पर हमला किया उसकी पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है।

अरुण ने बताया कि घटना के सिलसिले में लक्ष्मी बाई के अलावा सुंदर, शिल्पा और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वीडियो की जांच कर रही है।

उडुपी की उपायुक्त विद्या कुमारी के ने संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)