एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में हाथी के हमले में पूर्व विधायक की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार की बुधवार सुबह हाथी के हमले में मौत हो गई। वह तिरप जिले के नामसांग गांव से देवमाली शहर जा रहे थे। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में हाथी के हमले में पूर्व विधायक की मौत

ईटानगर, नौ जुलाई अरुणाचल प्रदेश के पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार की बुधवार सुबह हाथी के हमले में मौत हो गई। वह तिरप जिले के नामसांग गांव से देवमाली शहर जा रहे थे। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वह 65 वर्ष के थे।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राजकुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। राजकुमार 1985 से 1990 के बीच तत्कालीन खोंसा उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे।

तिरप के पुलिस अधीक्षक आदित्य ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि पूर्व विधायक की हाथी के हमले में उस समय मौत हो गई जब वह अपने गांव से देवमाली की ओर जा रहे थे।

खांडू ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘मुझे तिरप के पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है, जो एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना का शिकार हो गए। समुदाय की सेवा के प्रति उनका समर्पण और हमारे समाज में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के कल्याण के प्रति राजकुमार की प्रतिबद्धता और तिरप की प्रगति के लिए उनके अथक प्रयास हमेशा याद रखे जायेंगे। उन्होंने कहा कि यह न केवल उनके परिवार और दोस्तों के लिए, बल्कि उन सभी लोगों के वास्ते भी एक गहरी क्षति है, जिनके जीवन को उन्होंने अपने काम से प्रभावित किया।

पंद्रह अप्रैल 1960 को नामसांग गांव में जन्मे राजकुमार गांव के पूर्व कार्यवाहक मुखिया वांगमेई राजकुमार के पुत्र थे। राजकुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामकृष्ण मिशन स्कूल, नरोत्तमनगर, देवमाली से प्राप्त की और बाद में सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोंसा में अध्ययन किया।

उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव नामसांग में किया जाएगा।

खांडू ने कहा कि शोक संतप्त परिवार की सहायता के लिए अनुग्रह अनुदान की प्रक्रिया के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य के पर्यावरण एवं वन मंत्री वांगकी लोवांग ने भी राजकुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 07:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).