इंदौर, 16 अक्टूबर साइबर ठग गिरोह ने इंदौर में मिठाई के एक ऑनलाइन ऑर्डर को लेकर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश को जाल में फंसाया और उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश ने भोजन पहुंचाने वाले एक ऑनलाइन मंच पर किए अपने ऑर्डर के बारे में शिकायत के लिए गूगल पर उसके ग्राहक सेवा केंद्र का नम्बर तलाशा, लेकिन उन्हें जो नम्बर मिला, वह दरअसल साइबर ठग गिरोह का था।
दंडोतिया ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने खुद को इस मंच के कर्मचारी बताकर पूर्व न्यायाधीश को एक लिंक भेजा जिस पर क्लिक करते ही उनके मोबाइल फोन में एक स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड हो गया।
उन्होंने बताया कि इस ऐप की मदद से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) हासिल करके ठग गिरोह ने पूर्व न्यायाधीश के बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा दिए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया,"साइबर ठगी को लेकर पूर्व न्यायाधीश की शिकायत दर्ज कर ली गई है और हमारी विस्तृत जांच जारी है।"
सूत्रों ने बताया कि पूर्व न्यायाधीश ने ऑनलाइन मंच के जरिये मिठाई के दो डिब्बे मंगाए थे, लेकिन उन्हें एक ही डिब्बा मिला और इस गड़बड़ी के बारे में वह मंच के ग्राहक सेवा केंद्र को शिकायत करना चाह रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, ठगों ने खुद को इस मंच का कर्मचारी बताकर पूर्व न्यायाधीश को उनके ऑर्डर की पूरी रकम लौटाने का झांसा दिया और उन्हें जाल में फंसाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY