इस्लामाबाद, 19 अगस्त पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को पुलिस ने शनिवार को यहां स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। कुरैशी भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी हैं।
पाकिस्तान तहरीक-ए-पाकिस्तान (पीटीआई) पार्टी के उपाध्यक्ष कुरैशी (67) की गिरफ्तारी के बाद संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) उन्हें अपने मुख्यालय लेकर आई।
कुरैशी को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लेकिन मौजूदा समय में एफआईए जेल में बंद पीटीआई प्रमुख खान से गायब हुए कूटनीतिक दस्तावेज के सिलसिले में पूछताछ कर रही है।
खान लंबे समय से दावा कर रहे हैं कि उनके पास ‘विदेशी साजिश’ के सबूत हैं जिसके तहत उन्हें पिछले साल अप्रैल में प्रधानमंत्री पद से हटाया गया।
पीटीआई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करके कहा, ‘‘पार्टी उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को फिर से गैर कानूनी तरीके से गिफ्तार किया गया है।’’
गोपनीय कूटनीतिक दस्तावेज का मामला जब सामने आया तब कुरैशी विदेश मंत्री के पद पर आसीन थे।
कथित ‘सिफर’ (गोपनीय कूटनीतिक केबल) में दक्षिण और पश्चिमी एशियाई मामलों के सहायक अमेरिकी विदेश मंत्री डोनाल्ड लु और पाकिस्तानी राजदूत असद मजीद खान की पिछले साल हुई बातचीत सहित अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक का ब्योरा है।
पीटीआई के महासचिव उमर अयूब ने कुरैशी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके नेता को संवाददाता सम्मेलन के बाद घर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अयूब ने कहा, ‘‘उम्मीद थी कि फासीवादी पीडीएम (पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट) के जाने के साथ अराजक शासन का खत्मा होगा, लेकिन ऐसा लगता है कि कार्यवाहक सरकार पूर्ववर्ती फासीवादी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ना चाहती है।’’
इससे पहले कुरैशी ने पार्टी में टूट की खबरों का खंडन किया था और समय से चुनाव की मांग की थी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हाल में उन्होंने दूसरे देशों के राजदूत से मुलाकात की है।
कुरैशी को 11 मई और छह जून को भी गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY