देश की खबरें | सिमलिपाल राष्ट्रीय उद्यान में वनपालक की हत्या, केंद्र ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो का दल भेजा

भुवनेश्वर, 18 जून ओडिशा के मयूरभंज जिले के सिमलिपाल राष्ट्रीय उद्यान में शिकारियों द्वारा वन विभाग के एक अधिकारी की हत्या की घटना सामने आने के बाद केंद्र ने राज्य के सरकारी तंत्र का समर्थन करने के लिए वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के एक दल को मौके पर भेजा है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वनपाल माटी हंसदा (40) को शिकारियों द्वारा कथित तौर पर चलाई गोली लग गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

मंत्री ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है। एक देसी बंदूक भी बरामद हुई है।’’

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ड्यूटी के दौरान हमारे योद्धा के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। हम उनके बलिदान को सलाम करते हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लिया है और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के दल को राज्य के सरकारी तंत्र की मदद के लिए भेजा जा रहा है।’’

इससे पहले, 22 मई को सिमलीपाल बाघ अभयारण्य में शिकारियों के एक समूह ने एक वन रक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)