देश की खबरें | विदेश नीति में नाकामियों की बात को झुठला नहीं सकते विदेश मंत्री : आनंद शर्मा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 19 जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने विदेश मंत्री एस जयशंकर पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि वह विदेश नीति में ''नाकामियों'' की बात को झुठला नहीं सकते और उन्हें इसका जवाब देना चाहिये।

जयशंकर ने एक दिन पहले भारत की विदेश नीति का बचाव किया था, जिस पर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि सामरिक साझेदारों के साथ संबंधों में गंभीरता की जरूरत होती है और इन्हें महत्वहीन तथा दिखावा बनाकर नहीं छोड़ा जा सकता।

यह भी पढ़े | दिल्ली: जलभराव से मौत पर सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- सरकार और MCD सभी कोरोना नियंत्रण में लगे थे.

उन्होंने बालाकोट और उरी जवाबी हमलों का जिक्र करने पर भी विदेश मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश के सशस्त्र बलों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिये और न ही उन पर एकाधिकार जताना चाहिये?

शर्मा ने कहा, ''दिशाहीन विदेश नीति का विदेश मंत्री द्वारा बचाव किये जाने पर हंसी आ रही है। वाकपटुता और ट्वीट से जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती। पहले पड़ोसी भारत की विदेश नीति की प्राथमिकता रही है, लेकिन अफसोस कि अभिमानपूर्ण रवैये ने इसे महत्वहीन कर दिया है।''

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस महामारी से बुरी तरह से प्रभावित हुआ किन्नर समुदाय, प्रभाव से उबारने के लिए आपात प्रतिक्रिया की बताई जरूरत.

पूर्व केन्द्रीय मंत्री शर्मा ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच विश्वास, मित्रता और परस्पर सम्मान पर आधारित ऐतिहासिक संबंध रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''मौजूदा मतभेद और तनाव राष्ट्रीय चिंता का विषय है।''

शर्मा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, '' विदेश मंत्री नाकामियों की बात को झुठला नहीं सकते और उन्हें इसका जवाब देना चाहिये।''

उन्होंने ट्वीट किया, ''विदेश नीति में गंभीरता और गहराई होनी चाहिये। सामरिक साझेदारों के साथ संबंधों में गंभीरता की जरूरत होती है और इन्हें महत्वहीन और दिखावा बनाकर नहीं छोड़ना चाहिये। आप अपने विचारों से भ्रम पैदा कर सकते हैं, लेकिन इतिहास में आपको परिणामों से आंका जाएगा। ''

इससे पहले, जयशंकर ने सरकार की विदेशी नीति की आलोचना के लिये कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा था कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान अमेरिका, यूरोप सहित प्रमुख ताकतों के साथ हमारा महत्वपूर्ण गठजोड़ मजबूत हुआ है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ हम राजनीतिक रूप से अधिक बराबरी के स्तर पर बात करते हैं ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)