लखनऊ, 15 अगस्त देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को लोगों की सेवा के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने इस अवसर पर स्वाधीनता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय में पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ध्वजारोहण किया।
मुलायम सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "हमें उम्मीद है कि आप देश की रक्षा और उसके सम्मान की रक्षा के लिए खड़े होंगे। मैं आप सभी का स्वागत करता हूं।"
वहीं, अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में यह देखा गया है कि हमारी 'गंगा-जमुनी तहज़ीब' को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, इसलिए समाजवादी प्रतिज्ञा लें कि भारत एक रहेगा और देश के लोगों के बीच भाईचारा एवं प्यार बना रहेगा।''
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘एक तरफ अन्नदाता का अपमान किया जा रहा है, तो दूसरी ओर हमें भ्रमित करने के लिए किसान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।’’
कांग्रेस राज्य मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ध्वजारोहण किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY