ईटानगर, दो जून अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार को पांच और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 26 पहुंच गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सभी पांच मरीज दूसरे राज्यों से अरुणाचल लौटे हैं।
स्वास्थ्य सचिव पी पार्थिबन ने कहा, “ उनमें से एक 36 वर्षीय महिला लोहित जिले की है। वह एक सप्ताह पहले दिल्ली से लौटी है। अन्य चार मामले ईटानगर के हैं। हम उन चारों का यात्रा विवरण निकलवाने का प्रयास कर रहे हैं।”
लोहित जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ एस चाई पुल ने कहा कि संक्रमित महिला भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक अधिकारी की पत्नी है। वह 24 मई को दिल्ली से विशेष ट्रेन से अरुणाचल प्रदेश लौटी थी जिसके बाद उन्हें पृथक-वास में रखा गया था।
उन्होंने कहा, महिला के पति और बच्चे की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। वे आईटीबीपी की एक पृथक-वास सुविधा में हैं। मरीज में संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे अर्धसैनिक बल के एक कोविड देखभाल केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है।’’
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ट्वीट कर कहा ,“ आज दो जून को शाम 4:30 बजे पांच व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन सभी में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे। उनमें से चार मरीज ईटानगर के हैं जबकि एक लोहित जिले का है। सभी पृथक-वास केंद्र में थे जहां से उन्हें कोविड देखभाल केंद्र में स्थानांतरित किया जा रहा है।”
सोमवार को राज्य में संक्रमण के सर्वाधिक 18 मामले सामने आए थे।
सभी संक्रमित मरीज अन्य राज्यों से अरुणाचल प्रदेश लौटे हैं।
राज्य के पहले संक्रमित व्यक्ति को उपचार के बाद 16 अप्रैल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY