देश की खबरें | मध्य प्रदेश में दो सड़क हादसों में पांच की मौत

झाबुआ/ श्योपुर, 13 अप्रैल मध्य प्रदेश के झाबुआ और श्योपुर जिलों में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि श्योपुर जिले में बुधवार दोपहर एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि झाबुआ जिले में मंगलवार देर रात तीन लोगों की मौत हो गयी।

श्योपुर के थाना प्रभारी माधवी शाक्य ने कहा कि ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में हरिओम मीणा (24) की मौत हो गयी जबकि उसके 50 वर्षीय पिता घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ट्रैक्टर ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन वह पलट गया जिसमें ट्रैक्टर चालक शंभू बंजारा (50) की भी मौत हो गयी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिता-पुत्र तीन मई को हरिओम की शादी के निमंत्रण पत्र भेंट कर राजस्थान स्थित एक मंदिर से लौट रहे थे।

झाबुआ जिले में मंगलवार-बुधवार की रात एक डीजे वाहन और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में बाइक पर सवार तीन ग्रामीणों की मौत हो गयी ।

झाबुआ थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय रावत ने बुधवार को बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से चार किलोमीटर दूर काला डूंगर गांव के पास बीती रात को हुआ।

उन्होंने कहा कि डीजे वाहन और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर होने से बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि तीसरे घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी, घटना के बाद चालक डीजे वाहन लेकर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मुकेश मावी (30), रायसिंह मावी (25) और श्रवण मावी (26) के तौर पर हुई है और तीनों ढेकल बड़ी गांव के रहने वाले थे ।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

सं दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)