ताजा खबरें | सपा गठबंधन में शामिल सुभासपा के पांच उम्मीदवार चल रहे आगे

लखनऊ, 10 मार्च उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन में शामिल पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) राज्य विधानसभा चुनाव की मतगणना में शाम करीब पांच बजे तक की स्थिति के अनुसार पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार करीब पांच बजे तक सुभासपा अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर जिले की जहूराबाद तथा बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी मऊ सीट से आगे चल रहे हैं। इसके अलावा सुभासपा के तीन अन्य उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं।

शाम पांच बजे तक अद्यतन वेबसाइट के अनुसार जहूराबाद में ओमप्रकाश राजभर को 61704 तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कालीचरण को 38,402 मत मिले। वहीं मऊ में अब्‍बास अंसारी को 95,420 तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अशोक कुमार सिंह को 57,723 मत मिले हैं।

समाजवादी पार्टी के गठबंधन से सुभासपा राज्य की 18 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में थी।

उल्लेखनीय है कि कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और चार सीटों पर जीत के बाद मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में ओमप्रकाश राजभर ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली थी। हालांकि कुछ ही महीनों बाद भाजपा से उनकी अनबन शुरू हो गई। 2019 में राजभर ने भाजपा से विद्रोह कर दिया और मंत्री पद छोड़ने के बाद वह लगातार विरोधी तेवर अपनाए रहे। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 2017 में भाजपा से समझौते के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव में जीत का स्वाद चखा था। तब आठ सीटों में से चार सीटों पर सुभासपा को जीत मिली थी। सुभासपा को कुल पड़े वोटों का 0.70 प्रतिशत मत और लड़ी हुई सीटों पर 34.14 प्रतिशत मत मिले थे। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, आंबेडकरनगर, आजमगढ़, देवरिया आदि जिलों में राजभर बिरादरी के मतदाताओं की अच्छी संख्या है और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दल की सबसे प्रमुख ताकत राजभर बिरादरी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)