(तस्वीरों के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 23 मई केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में औषधि के एक सरकारी गोदाम में लगी भयंकर आग को बुझाने की कोशिश में मंगलवार तड़के 32 वर्षीय दमकलकर्मी की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान रंजीत के रूप में हुई है और वह राज्य अग्नि एवं बचाव सेवाओं की चक्का इकाई में तैनात था।
अधिकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ, जब आग की चपेट में आई इमारत का एक हिस्सा दमकलकर्मी पर गिर गया। घटना के वक्त दमकलकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटा हुआ था।
थुम्बा के पास किंफ्रा औद्योगिक पार्क में औषधि का यह गोदाम केरल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (केएमएससीएल) के स्वामित्व वाला था और इसमें सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई थी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सबसे पहले गोदाम के सुरक्षाकर्मी ने वहां आग लगी देखी और दमकल विभाग को सूचना दी।
उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘इमारत का एक हिस्सा अचानक से दमकलकर्मी के ऊपर गिर गया, जिससे वह मलबे में दब गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY