देश की खबरें | दिल्ली के प्रताप नगर में एक फैक्टरी में आग : एक की मौत, एक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 27 फरवरी दिल्ली के प्रताप नगर इलाके में शनिवार तड़के एक फैक्टरी में आग लग गई जिसमें जल कर 22 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में 37 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान बिहार निवासी उपचंद के रूप में की गई है।

पुलिस ने कहा कि एक बिहार के किशनगंज के निवासी एक अन्य मजदूर सुशील कुमार (22) को मामूली चोट आई है।

दिल्ली अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास में एक दमकलकर्मी की अंगुली जल गई और उसे घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बज कर 47 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की 18 गाड़ियों को रवाना किया गया।

बाद में दस गाड़ियां और भेजी गईं जिससे आग पर काबू पाया जा सका।

दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि आग फैक्टरी के प्रथम तल पर लगी और यह दूसरे तल तक फैल गई।

फैक्टरी में प्लास्टिक और नेलपॉलिश बनाने का समान रखा हुआ था, जिसने आग पकड़ ली।

उन्होंने बताया कि प्रथम तल पर एक जला हुआ शव बरामद हुआ है।

आग लगने के कारणों के बारे में फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के निवासी संजय नामक व्यक्ति को घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है क्योंकि दोनों मजदूर उसके लिए काम करते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)