कानपुर (उत्तर प्रदेश), 26 जून कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन की दीवार को गिराने और वहां हंगामा करने को लेकर पुलिस ने बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सहित कई हिंदुवादी संगठनों के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है।
अकबरपुर थाने के प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि शनिवार को तहसीलदार रणविजय सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर 70-80 अज्ञात लोगों के अलावा बजरंग दल के जिला संयोजक (कानपुर देहात) गौरव शुक्ला सहित 13 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सिंह ने बताया कि तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने फर्नीचर और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने के अलावा अस्थायी टिन-शेड और एक नवनिर्मित दीवार को गिरा दिया।
उन्होंने बताया कि तहरीर में आरोपियों पर तहसीलदार रणविजय सिंह तथा मौके पर मौजूद अन्य सरकारी अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने परिसर में भगवा झंडे लगा दिए और दीवारों पर 'जय श्री राम' लिख दिया। बलवाइयों ने कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरे और परिसर के अंदर स्थापित एक मूर्ति को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बजरंग दल के 'प्रांत संयोजक' अजीत राज ने 'पीटीआई-' को बताया कि कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) और जिला प्रशासन की अनुमति के बिना एक मिशनरी स्कूल के पास एक चर्च बनाया जा रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY