देश की खबरें | बैंक कर्मियों की कुर्की की धमकी से किसान ने नहर में कूदकर जान दी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मिली जानकारी के अनुसार थाना निधौली कला क्षेत्र के ग्राम धुल्ला निवासी किसान सुरेश (45) ने बैंक से लगभग 4 लाख रुपये का कर्ज कुछ वर्षों पहले लिया था किंतु लगातार फसलों के नष्ट हो जाने के कारण वह बैंक का कर्ज अदा नहीं कर सका था।

मरने वाले किसान के भाई जगदीश ने आरोप लगाया, ''मेरे भाई सुरेश पर स्टेट बैंक पिलुआ का चार-पांच लाख कर्ज था, लगातार फसलें अच्छी न हो पाने के कारण वह कर्ज की किश्‍त बैंक में जमा नहीं कर पा रहा था। कर्ज जमा न कर पाने के कारण बीते दिन बैंक कर्मी मेरे भाई के घर पहुंचे और उसे धमकाया कि तुमने तीन दिन में अगर बैंक का पैसा जमा नहीं किया तो हम तुम्हारे घर की कुर्की कराके तुम्हें वेघर कर देंगे।''

यह भी पढ़े | UP MLC Election Results: उत्तर प्रदेश के 11 एमएलसी सीटों अब तक 3 पर बीजेपी और एक सीट पर समाजवादी पार्टी की जीत, काउंटिंग अभी भी जारी.

जगदीश के अनुसार ''बैंक कर्मियों की धमकी से मेरा भाई सदमे में आ गया और उसने नहर में कूद कर जान दे दी।''

उन्‍होंने कहा ''इसका पता तब चला जब वह तीन दिन से अपने घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और आस पास के गांव और रिश्‍तेदारी मे उसको तलाश किया किंतु वह कहीं नहीं मिला। आज गांव अथररा के पास एक शव हजारा नहर किनारे मिलने की सूचना मिली तो वहां जाकर देखा तो वह अज्ञात शव मेरे भाई सुरेश का था।''

यह भी पढ़े | RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा- अगले साल का बजट सावधानीभरा , आर्थिक वृद्धि बढ़ाने वाला रहने की उम्मीद.

निधौली कला के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मृतक सुरेश कुमार पर बैंक का कर्ज था जिसको लेकर वह काफी दिनों से परेशान था। बैंक कर्मियों के कर्ज के रूपये जमा करने को दबाव बनाने के बाद से ही बीते तीन दिनों से घर से गायब था और आज उसका शव नहर किनारे पड़ा मिला है।

बैंक कर्मियों से बात करने के प्रयास के बाद भी वार्ता नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)