नयी दिल्ली, 19 जून दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक कॉलेज के बाहर निखिल चौहान की हत्या के बाद उनके परिवार के सदस्य सदमे में हैं। फिल्मी दुनिया में करियर बनाने के सपने देखने वाले अपने युवा बेटे की असामयिक मौत ने माता-पिता को भीतर तक तोड़ दिया है।
निखिल (19) के माता-पिता सोमवार को सफदरजंग अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर पोस्टमॉर्टम के बाद अपने बेटे का शव लेने के लिए अधिकारियों का इंतजार करते दिखे।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मृतक के पिता संजय चौहान एक थाने के बाहर रोते हुए और मदद के लिए चिल्लाते हुए दिखाई देते हैं, जिसके बाद एक पुलिसकर्मी उन्हें अंदर ले जाता है।
चौहान ने कहा कि उनका बेटा मॉडल बनना चाहता था और उसने दो वीडियो एल्बम में अभिनय भी किया था।
संजय ने कहा, ‘‘मैं रविवार को घर पर सो रहा था जब मुझे दोपहर 12 बजे निखिल के दोस्तों का फोन आया, जो उसे अस्पताल ले गए थे। मैं अस्पताल गया जहां डॉक्टरों ने मुझे उसकी मौत के बारे में बताया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता चला कि निखिल के दोस्त बंटी की 11 जून को कुछ लोगों के साथ हाथापाई हुई थी। निखिल ने इसमें हस्तक्षेप किया था और मामला सुलझा लिया गया था। हालांकि, जब वह रविवार को कक्षा में जा रहा था, तो उसे चाकू मार दिया गया।’’
मृतक की मां सोनिया चौहान काफी सदमे में दिखीं, जिन्हें उनके रिश्तेदार सांत्वना देने की कोशिश कर रहे थे।
संजय ने कहा, ‘‘मेरा बेटा मॉडल बनना चाहता था और उसने दो वीडियो एल्बम में अभिनय किया था। उसे हाल ही में एक शूट के लिए मुंबई से फोन आया था, लेकिन वह अपने कॉलेज की परीक्षाओं के कारण नहीं जा सका। उसे घूमने का शौक था और हम लगभग 10-12 दिन पहले केदारनाथ गए थे।’’
निखिल के परिवार में उनकी मां, पिता और दो भाई हैं। बड़े भाई की शादी हो चुकी है जबकि छोटा भाई नकुल 12वीं कक्षा का छात्र है।
नकुल ने कहा, ‘‘निखिल को मॉडलिंग का शौक था। वह मुझे हर छोटी-बड़ी बात बताता था, लेकिन पिछले रविवार को हुई घटना के बारे में कुछ नहीं बताया था। हम हर साल शिरडी जाते हैं और 23 जून को वहां जाने की योजना थी क्योंकि निखिल की परीक्षा 22 जून तक होनी थी।’’
निखिल डीयू के मुक्त शिक्षा विद्यालय (एसओएल) से राजनीति विज्ञान में बीए (ऑनर्स) की पढ़ाई कर रहा था और पश्चिम विहार का रहने वाला था।
रविवार को निखिल की दक्षिण परिसर (साउथ कैंपस) में आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब एक सप्ताह पहले एसओएल के एक छात्र ने कॉलेज में निखिल की प्रेमिका के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। निखिल द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया और उसने बदला लेने का फैसला किया।
रविवार को दोपहर के समय आरोपी और उसके तीन सहयोगियों ने आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर कथित तौर पर निखिल के सीने में चाकू घोंप दिया। निखिल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY