बेंगलुरु, 19 जुलाई सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वह वीडियो फर्जी निकला, जिसमें कर्नाटक के बेंगलुरू में कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने वाले एक अस्पताल की खराब हालत दिखाई गई थी। पुलिस ने इस बाबत एक मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा कि इस तरह के वीडियो से समाज में दहशत फैलने का अंदेशा है और लोगों को इसके प्रसार से बचना चाहिये।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संदीप पाटिल ने ट्वीट किया कि बेंगलुरू के अस्पताल की खराब स्थिति को दिखाने वाला एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस बाबत साइबर अपराध पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े | दिल्ली: जलभराव से मौत पर सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- सरकार और MCD सभी कोरोना नियंत्रण में लगे थे.
पाटिल ने कहा कि सरकार और समाज महामारी से लड़ रहे हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे संदेश या वीडियो बना रहे हैं और प्रसारित कर रहे हैं जिनमें समाज में दहशत पैदा करने की क्षमता होती है। इससे बचें।
वीडियो में दिख रहा है कि कई लोग मास्क लगाए हुए हैं और एक छोटे स्थान पर जमा हैं। यह वीडियो कथित रूप से एक अस्पताल के ओपीडी का है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो विक्टोरिया अस्पताल का बताया गया, जो गलत है। यह शहर का प्रमुख कोविड अस्पताल है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि वीडियो कथित रूप से उत्तरी राज्य के एक अस्पताल का है, न कि विक्टोरिया अस्पताल का।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY