विदेश की खबरें | विदेश मंत्री जयशंकर ने मालदीव के राष्ट्रीय नायक ठाकुरुरुफानु को श्रद्धांजलि दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

माले, 19 जनवरी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मालदीव के 16वीं शताब्दी के राष्ट्रीय नायक सुल्तान मोहम्मद ठाकुरुरुफानु को उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका संघर्ष भारत और मालदीव, दोनों देशों के बीच “साझा इतिहास” की याद दिलाता है।

जयशंकर भारत के दो प्रमुख समुद्री पड़ोसियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करने के लिए मालदीव और श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।

ठाकुरुरुफानु ने 1573 से 1585 के बीच मालदीव द्वीपों पर शासन किया। उन्हें पुर्तगालियों से जंग के लिए जाना जाता था जिन्होंने (पुर्तगालियों ने) 1558 से 1573 तक मालदीव पर शासन किया था।

उनकी जीत को मालदीव में ‘कौमी धुवस’’ या राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। वह लश्करू (एकीकृत सैन्य निकाय) बनाने वाले मालदीव के पहले शासक भी थे। जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मालदीव के महान राष्ट्रीय नायक सुल्तान मोहम्मद ठाकुरुरुफानु को उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।’’

जयशंकर ने लिखा, ‘‘उनका संघर्ष एक साझा इतिहास और राष्ट्रीय विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता की याद दिलाता है।’’

बुधवार को, जयशंकर और मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने संयुक्त रूप से हनिमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पुनर्विकास परियोजना के शिलान्यास समारोह में भाग लिया, इसे भारत-मालदीव की मजबूत विकास साझेदारी में ‘‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘माले में सामाजिक आवास परियोजनाएं और 34 द्वीपों पर पेयजल और स्वच्छता परियोजनाएं भी अच्छा काम कर रही हैं तथा कई पूरी होने के करीब हैं।’’

इन बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के अलावा, भारत ने मालदीव में छोटी लेकिन बड़े प्रभाव वाली परियोजनाओं को शुरू करने के लिए भी मालदीव के साथ भागीदारी की है।

जयशंकर ने कहा, ‘‘लोगों के आपसी संपर्क और आर्थिक जुड़ाव के विस्तार की दिशा में हम पिछले कुछ वर्षों में असाधारण रूप से अच्छा कर रहे हैं। 2020 के बाद से, भारत ने मालदीव में सालाना सबसे अधिक संख्या में पर्यटकों का योगदान दिया है और हमें वास्तव में इस पर गर्व है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)