विदेश की खबरें | विदेश मंत्री जयशंकर ने तंजानिया स्थित राष्ट्रमंडल युद्ध स्मारक में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

दारेसलाम, सात जुलाई विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को तंजानिया स्थित राष्ट्रमंडल युद्ध स्मारक में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जयशंकर जंजीबार की यात्रा के बाद बृहस्पतिवार को तंजानिया पहुंचे। भारत और तंजानिया के बीच पारंपरिक रूप से मित्रवत संबंध रहे हैं और विदेश मंत्री की इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों के और प्रगाढ़ होने की उम्मीद है।

तंजानिया यात्रा के दूसरे दिन जयशंकर ने भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘दारेसलाम स्थित राष्ट्रमंडल युद्ध स्मारक जाकर आज भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। युद्ध के विभिन्न मोर्चों पर उनका बलिदान हमारे इतिहास का अहम हिस्सा है। वे भारत के वैश्विक प्रभाव की याद दिलाते हैं।’’

दारेसलाम इस समय तंजानिया की राजधानी है और पहले विश्व युद्ध के दौरान वह जर्मनी के पूर्वी अफ्रीकी उपनिवेश की राजधानी थी।

जनवरी 1917 में पूर्वी अफ्रीका में मारे गए 1500 से अधिकारियों और सैनिकों के नाम युद्ध स्मारक पर अंकित हैं। परिसर में ही एक हिंदू स्मारक भी है जो 14 भारतीय सैनिकों की याद में बनाया गया है। वहां हिंदू परंपराओं के अनुसार उनका दाह संस्कार किया गया था।

जयशंकर ने भारत-तंजानिया संसदीय मित्रता समूह के सदस्यों से भी मुलाकात की और मजबूत संसदीय व्यवस्था, भारत के साथ आर्थिक और लोगों के बीच मजबूत संपर्क की प्रशंसा की।

विदेश मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘आज सुबह की शुरुआत भारत-तंजानिया संसदीय मित्रता समूह के सदस्यों से मुलाकात के साथ की। भारत के साथ मजबूत संसदीय, राजनीति, आर्थिक और लोगों के बीच संपर्क के प्रति उनकी गर्मजोशी की प्रशंसा करता हूं। भरोसा है कि दोनों संसदीय लोकतांत्रिक देशों के ऐतिहासिक और मजबूत संबंध आगे भी ऐसे ही बढ़ते रहेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)