देश की खबरें | ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में शुक्रवार से शुरू होगा हुआ क्वाड देशों की नौसेनाओं का अभ्यास

नयी दिल्ली, 10 अगस्त मालाबार युद्ध अभ्यास 11 से 21 अगस्त तक ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित होगा, जिसमें क्वाड के सभी चार देशों -भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान की नौसेनाएं शामिल होंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री और आईएनएस कोलकाता इस अभ्यास में हिस्सा लेंगे।

इस वार्षिक युद्धाभ्यास में समुद्र और बंदरगाह दोनों चरण शामिल होंगे, जिसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जहां चीन की बढ़ती सैन्य ताकत देखी जा रही है।

अमेरिकी नौसेना (यूएसएन), जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) और रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना (आरएएन) के जहाजों और विमानों के साथ 11 से 21 अगस्त तक सिडनी में निर्धारित मालाबार 2023 अभ्यास में भाग लेंगे।

भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘ मालाबार 2023 का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। समुद्र तट चरण में एक-दूसरे के जहाजों में दौरे, पेशेवर आदान-प्रदान, खेल और समुद्री चरण की योजना तथा संचालन के लिए वार्ता जैसी व्यापक गतिविधियां शामिल हैं। समुद्री चरण में युद्ध के सभी तीन क्षेत्रों में विभिन्न जटिल और उच्च तीव्रता वाले अभ्यास शामिल होंगे, जिनमें हथियार चलाने के अभ्यास समेत सतह-रोधी, वायु-रोधी तथा पनडुब्बी रोधी अभ्यास किये जाएंगे। ’’

भारतीय नौसेना के मुताबिक यह अभ्यास भारतीय नौसेना को अंतर-परिचालन को बढ़ाने और प्रदर्शित करने तथा अपने साथी देशों से समुद्री सुरक्षा संचालन में सर्वोत्तम तौर-तरीकों से लाभ उठाने का अवसर प्रदान करता है।

मालाबार समुद्री अभ्यास की श्रृंखला 1992 में भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच एक द्विपक्षीय अभ्यास के रूप में शुरू हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)