देश की खबरें | चैत्र नवरात्रि में मंदिरों में साफ-सफाई और जन सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री योगी

अयोध्या, 21 मार्च उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या मंडल के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और श्रीराम नवमी व श्री राम जन्मोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि 30 मार्च से चैत्र नवरात्रि प्रारंभ हो रहे हैं, जिसके मद्देनजर सभी प्रमुख देवी मंदिरों सहित धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई और आवश्यक जनसुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ के दौरान अयोध्या मंडल की प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा भीड़ नियंत्रण एवं सुगम श्री राम लला दर्शन के लिए किये गए नवाचारों की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के अनुभवों के अनुसार श्रीराम नवमी मेले की तैयारियां की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आसपास के जिलों से समन्वय स्थापित करते हुये ‘होल्डिंग एरिया’ बनाकर मूलभूत सुविधाओं व समाजसेवियों को प्रेरित करते हुए यहां पर लंगर-फलाहार की व्यवस्था भी कर ली जाए।

आदित्यनाथ ने गर्मी के मौसम को देखते हुये अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक जनसुविधाएं शीतल पेयजल, साफ सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जगह-जगह पर शीतल पेयजल के लिए ‘वॉटर एटीएम’ लगवाए जाएं और नगर निगम सुबह, दोपहर व शाम साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए योजना बनाए।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अयोध्या के प्रमुख मठ मंदिरों, घाटों व सरयू नदी की भी साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय।

आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय लोगों, श्रद्वालुओं आदि को साफ सफाई के लिए भी प्रेरित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क व फुटपाथ चलने योग्य हों, कहीं भी किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पायें, इसके लिए नियमित अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।

आदित्यनाथ ने कहा कि फेरी वालों के लिए ‘वेंडिंग जोन’ बनाए जाएं।

उन्होंने कहा कि रामनवमी के दौरान गर्मी को देखते हुये श्री हनुमानगढ़ी के दर्शन मार्ग व श्रीरामलला के दर्शन मार्ग पर छाया हेतु कैनोपी की व्यवस्था की जाए तथा पैरों को धूप से बचाने के लिए यथावश्यक दर्शन मार्गो पर चटाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

आदित्यनाथ ने कहा कि श्रद्धालुओं को ज्यादा पैदल न चलने पड़े, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में ई-बसों की व्यवस्था अयोध्या के प्रमुख स्थलों से मंदिर तक की जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)