खेल की खबरें | अगर सुरक्षित हुआ तो इंग्लैंड को निश्चित तौर पर पाकिस्तान का दौरा करना चाहिए: वाटमोर

लंदन, एक सितंबर इंग्लैंड एंव वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के नए चेयरमैन का पद मंगलवार को संभालने वाले इयान वाटमोर ने कहा कि अगर सुरक्षित हुआ तो इंग्लैंड क्रिकेट टीम को ‘निश्चित’ तौर पर पाकिस्तान का दौरा करना चाहिए।

इंग्लैंड की टीम ने सुरक्षा कारणों से 2005-06 से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। इस बीच 2009 में श्रीलंका की टीम बस पर भी आतंकी हमला हुआ।

यह भी पढ़े | IPL 2020: शुरुआती 13 सदस्यों के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के सभी सदस्य कोविड-19 निगेटिव.

जो रूट और उनकी टीम को 2022 में तीन टेस्ट और पांच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के लिए पाकिस्तान का दौरा करना है।

‘द बीबीसी’ ने वाटमोर के हवाले से कहा, ‘‘क्रिकेट को वापस पटरी पर लाना हमारे और खेल के लिए शानदार है।’’

यह भी पढ़े | IPL 2020: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी सहित सपोर्ट स्टाफ कोरोना निगेटिव, एक और टेस्ट से होगा गुजरना.

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने क्रिकेट की मेजबानी शुरू कर दी है और अगर सुरक्षित हुआ तो हमें निश्चित तौर पर वहां का दौरा करना चाहिए।’’

कोरोना वायरस महामारी के बावजूद वेस्टइंडीज और पाकिस्तान ने टेस्ट श्रृंखला के लिए इंग्लैंड का दौरा करने का फैसला किया था और इस तरह ईसीबी को बड़े वित्तीय नुकसान से बचा लिया था।

ईसीबी चेयरमैन के रूप में कोलिन ग्रेव्स की जगह लेने वाले वाटमोर का कार्यकाल मंगलवार को शुरू हुआ। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और क्रिकेट निदेशक एंड्रयू स्ट्रॉस का बोर्ड में स्वागत किया लेकिन उन्हें मतदान का अधिकार नहीं होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)