वडोदरा, 13 अप्रैल गुजरात के वडोदरा शहर में 'महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा' (एमएसयू) के 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र ने रविवार सुबह छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
फतेहगंज पुलिस के उप निरीक्षक आर बी बरैया ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के रहने वाले अभिषेक शर्मा के पिता का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके कारण वह परेशान था और घर से दूर रहता था।
उन्होंने बताया कि आत्महत्या का एक कारण यह हो सकता है।
उन्होंने बताया कि मृतक एमएसयू (राज्य विश्वविद्यालय) के प्रौद्योगिकी संकाय का द्वितीय वर्ष का छात्र था, जिसका शव छात्रावास में छात्रों के 'कॉमन हॉल' में एक चादर के सहारे छत के पंखे से लटका मिला।
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा फुटेज में वह रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कमरे की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है और एक मेज व चादर का इस्तेमाल कर फांसी लगा लेता है। उस समय आसपास कोई नहीं था।
बरैया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया और बाद में वडोदरा में उसके रिश्तेदार को सौंप दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY