17 जून की बड़ी खबरें और अपडेट्स
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.जी7 समिट में पीएम मोदी बोले, नाविकों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी

यूक्रेन में शांति के लिए रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाएंगे जी-7 देश

भारत का सालाना सैन्य उत्पादन अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा

नीट परीक्षा की वजह से लगे बैन के खिलाफ कोर्ट पहुंचा टेलीग्राम

जी7 समिट में पीएम मोदी बोले, नाविकों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 16 जून को जी7 शिखर सम्मेलन में एक आउटरीच सेशन को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की मौजूदगी में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री व्यापार में आई बाधा के कारण पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा और भारत के कई आम नागरिकों को जान गंवानी पड़ी.

अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते ओमान की खाड़ी में पलाऊ के झंडे वाला जहाज एमटी सेटेबेलो पर हमला किया था. इस जहाज के सभी क्रू मेंबर भारतीय थे और अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी. भारत ने इस हमले के खिलाफ विरोध जताते हुए अमेरिकी राजनयिक को तलब किया था. भारतीय विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना न बनाने का आह्वान किया था.

यह भी पढ़ें- समुद्री रास्ते बनेंगे ताकत का अखाड़ा?

पीएम मोदी ने जी7 समिट के दौरान अमेरिका का नाम लिए बिना कहा कि वैश्विक समुद्री व्यापार के जरिए “सभी देशों को आपस में जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा हमारा दायित्व है. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नाविक बिना डर के अपना काम कर सकें.” इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में हो रही प्रगति का भी स्वागत किया.

नीट परीक्षा की वजह से लगे बैन के खिलाफ कोर्ट पहुंचा टेलीग्राम

मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम ने दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार के अस्थायी बैन लगाने वाले फैसले को चुनौती दी है. केंद्र सरकार ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा में चीटिंग रोकने के उद्देश्य से 22 जून तक टेलीग्राम ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था. कानूनी खबरों की वेबसाइट 'बार एंड बेंच' के मुताबिक, टेलीग्राम इसके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा जहां कोर्ट ने बुधवार, 17 जून को इस मामले पर तत्काल सुनवाई करने पर सहमति जताई.

टेलीग्राम के वकील माधव खोसला ने कोर्ट से कहा कि सरकार के बैन लगाने के आदेश से प्लेटफॉर्म के 15 करोड़ से अधिक यूजर्स प्रभावित हुए हैं. इससे पहले मंगलवार को टेलीग्राम के संस्थापक पावेल दुरोव ने कहा था कि भारत सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी बैन लगाकर भारत में इसके 15 करोड़ से अधिक आम यूजर्स को सजा दी है. उन्होंने दावा किया कि बैन से कुछ नहीं रुका और पेपर लीक से जुड़ी गतिविधियां दूसरी ऐप्स पर चली गईं.

नीट परीक्षा का आयोजन करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का कहना है कि उम्मीदवारों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों द्वारा इस प्लेटफॉर्म का संगठित इस्तेमाल किया जाता रहा है. एनटीए के मुताबिक, टेलीग्राम को यह निर्देश भी दिया गया है कि वह पहले ही पोस्ट किए जा चुके मैसेजों में बदलाव करने की सुविधा को 30 जून, 2026 तक के लिए बंद कर दे.

मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी की

फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने मंगलवार, 16 जून को फीफा वर्ल्ड कप में अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया. मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने इस मैच में अल्जीरिया को 3-0 से करारी शिकस्त दी. अपनी इस हैट्रिक के साथ ही मेसी ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड बना लिया.

इस मैच में किए गए तीन गोलों की मदद से मेसी के वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अब कुल 16 गोल हो गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोसे के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. 38 साल के मेसी ने मैच में उतरते ही एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वे छह अलग-अलग वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भाग लेने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने.

अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने मेसी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनकी जमकर तारीफ की है. स्कालोनी ने मैच के बाद कहा कि उनके पास मेसी की तारीफ के लिए शब्द नहीं हैं और वे पिछले 20 सालों से दुनिया को ऐसे ही प्रेरित करते आ रहे हैं.

भारत का सालाना सैन्य उत्पादन अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा

भारत का सालाना सैन्य उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में भारत ने 1.78 लाख करोड़ रुपये का सैन्य उत्पादन किया. यह वित्त वर्ष 2024-25 के 1.54 लाख करोड़ से 15.6 फीसदी अधिक है. वहीं, वित्त वर्ष 2020-21 के मुकाबले इसमें 110 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. उस वित्त वर्ष में भारत का सैन्य उत्पादन 84,643 करोड़ रुपये था.

इस सैन्य उत्पादन में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 76 फीसदी रही. वहीं, निजी क्षेत्र की कंपनियों ने 24 फीसदी का योगदान दिया. पिछले वित्त वर्ष में निजी क्षेत्र ने 42,000 करोड़ रुपये का सैन्य उत्पादन किया, जो अब तक का सबसे अधिक है. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, बीते साल देश का सैन्य निर्यात भी बढ़ा और 38,424 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह रक्षा उत्पादन विभाग और अन्य सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है. उन्होंने लिखा, “निरंतर नीतिगत समर्थन, कई नई पहलों, निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और निर्यात क्षमताओं में बढ़ोतरी के साथ रक्षा उत्पादन क्षेत्र आने वाले सालों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए तैयार है.”

जी7 देशों ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की बात कही

जी7देशों के नेताओं ने बुधवार, 17 जून की सुबह एक साझा बयान जारी कर रूस की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाने और नए प्रतिबंध लगाने का संकल्प लिया है. फ्रांस के इवियां में चल रहे जी7 शिखर सम्मेलन में नेताओं ने यूक्रेन में शांति की बढ़ती उम्मीदों के बीच यह फैसला लिया. इस बैठक के मेजबान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर यूक्रेन मुद्दे को एजेंडे में सबसे ऊपर रखा.

साझा बयान के अनुसार, यूक्रेनके पक्ष में बने नए माहौल को मजबूत करने के लिए जी7 देश उसे हवाई रक्षा प्रणाली, अतिरिक्त इंटरसेप्टर और लंबी दूरी की मारक क्षमता वाले हथियार देंगे. इसके अलावा, रूस को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों को रोकने के लिए तेल और गैस क्षेत्रों पर मौजूदा प्रतिबंधों को और कड़ा किया जाएगा.

नेताओं ने कहा कि अतिरिक्त कदम उठाने के लिए यह बिल्कुल सही समय है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खुलवाने के समझौते का वे पूरी तरह समर्थन करते हैं. मंगलवार को यूक्रेन पर हुई मुख्य बैठक के बाद से ही सम्मेलन में शांति बहाली को लेकर काफी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है.