खेल की खबरें | खाली स्टेडियम बेन स्टोक्स के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं: डेरेन गॉ

लंदन, सात जून इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डेरेन गॉ का मानना है कि अगर कोविड-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खाली स्टेडियम में खेला जाता है तो विश्व कप विजेता ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है।

कोरोना वायरस के बाद अब जुलाई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बहाल होने को तैयार है जिसमें इंग्लैंड जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में तीन टेस्ट मैचों के लिये वेस्टइंडीज टीम की मेजबानी करेगा।

यह भी पढ़े | आईपीएल-13: अमीरात क्रिकेट बोर्ड लीग की मेजबानी को तैयार.

गॉ (49 वर्ष) ने स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से कहा, ‘‘हमने बेन स्टोक्स को देखा है, जब भी कोई बड़ा मैच होता है और मैच में कुछ दांव पर लगा होता है, तो वह हमेशा आगे आकर शानदार प्रदर्शन करता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह देखना दिलचस्प होगा कि इस समय दुनिया का सबसे महान क्रिकेटर बिना दर्शकों के कैसा प्रदर्शन करता है। मुझे लगता है कि यह उसके प्रदर्शन को थोड़ा प्रभावित कर सकता है। ’’

यह भी पढ़े | पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को 15 लाख रुपये दान करेंगे सीईओ वसीम खान.

इंग्लैंड के लिये 58 टेस्ट और 159 वनडे खेल चुके गॉ ने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि विभिन्न खिलाड़ी दर्शकों के बिना खेलने के इस सामान्य माहौल में कैसे खेलते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि खिलाड़ियों पर इससे ज्यादा अंतर पड़ेगा। निश्चित रूप से कुछ खिलाड़ी दर्शकों से प्रभावित होते हैं और कुछ नहीं। ग्राहम गूच मेरे बारे में कहते थे कि जितने ज्यादा दर्शक होते हैं, मैं उतना ही बेहतर करता हूं। लेकिन कुछ खिलाड़ियों के लिये यह मायने नहीं रखता, वे तब भी अच्छा करते हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)