देश की खबरें | इंजन फेल होने के कारण एअर अरबिया के एक विमान की अहमदाबाद में आपात लैंडिंग

नयी दिल्ली, सात जून बांग्लादेश के चटगांव से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी जा रहे एअर अरबिया के एक विमान को सोमवार को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया, क्योंकि विमान का एक इंजन बीच हवा में खराब हो गया था। भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि विमान का एक इंजन बीच हवा में ‘ठप’ होने और इंजन फेल होने की चेतावनी आने के बाद विमान को सोमवार रात करीब नौ बजकर 25 मिनट पर अहमदाबाद हवाईअड्डे पर उतारा गया।

अधिकारियों ने कहा कि चेतावनी के संकेत के कारण, चालक दल को आपातकालीन ​​​​कॉल करना पड़ा और विमान को हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करने की अनुमति दी गई।

उन्होंने कहा कि कोई भी यात्री या चालक दल का सदस्य घायल नहीं हुआ और विमान सुरक्षित उतर गया।

अधिकारियों ने बताया कि डीजीसीए के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय से विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के परामर्श से जांच के लिए अहमदाबाद भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)