देश की खबरें | पुडुचेरी में सभी घरों, गांवों तक बिजली पहुंचायी गयी : रंगासामी

पुडुचेरी, 30 जुलाई पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने शनिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश आत्मनिर्भर है और इसने सभी गांवों तथा घरों तक बिजली पहुंचाई है।

उन्होंने यहां ‘उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य - बिजली 2047’ समारोह में भाग लेते हुए कहा कि पुडुचेरी का बिजली ट्रांसमिशन में केवल 12 प्रतिशत का नुकसान होने का उल्लेखनीय रिकॉर्ड है।

रंगासामी ने कहा कि बिजली विभाग में कर्मचारियों को इस ट्रांसमिशन नुकसान को कम करने के लिए कड़ा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन देने वाले लोगों को बिना देरी के बिजली आपूर्ति की जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार खर्च वहन करेगी और गांवों तथा अन्य इलाकों में बिजली पहुंचाने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों के सामने लालफीताशाही की दिक्कत नहीं आनी चाहिए, क्योंकि पुडुचेरी के लिए युवाओं के बीच बेरोजगारी से निपटने के वास्ते उद्योग आवश्यक हैं। इसे देखते हुए उद्यमियों को अपने उपक्रमों के लिए बिजली के कनेक्शन लेने में कोई दिक्कत या देरी नहीं होनी चाहिए।

रंगासामी ने कहा कि उनकी सरकार बिजली की मांग को पूरा करने के लिए वैकल्पिक स्रोत के तौर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)