देश की खबरें | कर्नाटक में चुनावी टिकट धोखाधड़ी मामला: भाजपा नेता रवि ने कहा-सच्चाई सामने आनी चाहिए

मंगलुरु, 16 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि ने शनिवार को कहा कि हिंदुत्व कार्यकर्ता चैत्रा कुंडपुरा से संबंधित चुनावी टिकट धोखाधड़ी मामले की सच्चाई व्यापक जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए।

रवि ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस को पारदर्शी जांच करनी चाहिए और सच्चाई का पता लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में पैसे लेकर चुनाव में पार्टी का टिकट देने की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे लोग हैं जो मूर्ख बनते हैं और ऐसे लोग हैं जो उन्हें मूर्ख बनाते हैं।’’

भाजपा नेता ने कहा कि पुलिस जांच से सभी को न्याय मिलना चाहिए।

बेंगलुरु के केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के अधिकारियों ने उडुपी जिले के बिंदूर निर्वाचन क्षेत्र से एक व्यवसायी को भाजपा का टिकट दिलाने का वादा करके करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में कुंडपुरा सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

रवि ने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड टिकट प्रदान करता है और उम्मीदवारों पर निर्णय लेता है। उन्होंने कहा कि जब आरोपी ने व्यवसायी गोविंद बाबू पुजारी से धन के लिए संपर्क किया तो उन्हें वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करना चाहिए था।

रवि ने कहा कि अगर भाजपा के लिए पैसा महत्वपूर्ण होता तो पार्टी के सैकड़ों गरीब कार्यकर्ता सांसद और विधायक नहीं बनते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)