इरोड (तमिलनाडु), 22 जनवरी निर्वाचन आयोग ने इरोड पूर्व विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी (आरओ) एन मनीष का तबादला कर दिया है और उनकी जगह एच. एस. श्रीकांत को इरोड सिटी नगर निगम का आयुक्त और इस निर्वाचन क्षेत्र का नया आरओ नियुक्त किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह आदेश मंगलवार देर रात जारी किया गया।
श्रीकांत ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया और अधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों का समन्वय शुरू कर दिया ।
इरोड सिटी नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्र के लिए राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों से 17 जनवरी तक नामांकन पत्र स्वीकार किये गये थे।
उम्मीदवारों में से एक पद्मावती मंजूनाथ स्वामी निलयम, उदयनगर, बेंगलुरु की निवासी हैं तथा उनका नाम कर्नाटक के कृष्णराजपुरम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में है।
उनका नामांकन 17 जनवरी को आरओ को प्रस्तुत किया गया था। जांच के बाद, उनके नामांकन को शुरू में स्वीकार कर लिया गया था।
बीस जनवरी को अपराह्न तीन बजे आरओ ने पद्मावती समेत 47 उम्मीदवारों की अंतिम सूची मीडिया के सामने घोषित की। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि, तीन निर्दलीय उम्मीदवारों- पद्मराजन, अजवार और नूर मोहम्मद ने पद्मावती का नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई।
उन्होंने दलील दी कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, केवल तमिलनाडु में रहने वाले और राज्य में मतदाता के रूप में पंजीकृत व्यक्ति ही राज्य में चुनाव लड़ने के पात्र हैं।
जांच के बाद अधिकारियों ने माना कि पद्मावती का नामांकन स्वीकार करना एक गलती थी।
जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी राजा गोपाल सुंकारा ने जांच की और तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन आयोग को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।
असमंजस की स्थिति के कारण उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा में देरी हुई। निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद पद्मावती का नामांकन खारिज कर दिया गया और 46 उम्मीदवारों की संशोधित अंतिम सूची जारी की गई।
इरोड पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई वी के एस इलनगोवन के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराये जाने की आवश्यकता पड़ी। मतदान पांच फरवरी को होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY