देश की खबरें | निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में ‘असत्यापित’ बयान देने के लिए प्रियंका को नोटिस भेजा

नयी दिल्ली, 14 नवंबर निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में कथित रूप से असत्यापित और गलत बयान देने के लिए मंगलवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिकायत की थी कि प्रियंका ने हाल ही में मध्य प्रदेश में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी के बारे में "झूठे" और "असत्यापित" बयान दिए।

भाजपा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निर्वाचन आयोग ने प्रियंका से बृहस्पतिवार रात आठ बजे तक अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

आयोग को दी गई शिकायत में भाजपा ने प्रियंका पर यह "निराधार और झूठा" दावा करने का आरोप लगाया था कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) का निजीकरण कर दिया है।

प्रियंका ने कथित तौर पर आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को अपने उद्योगपति दोस्तों को दे दिया है।

आयोग ने प्रियंका से कहा, “आम तौर पर लोगों को लगता है कि वरिष्ठ नेता के बयान, वह भी एक राष्ट्रीय पार्टी के स्टार प्रचारक के बयान सच होते हैं, ऐसे में यह उम्मीद की जाती है कि ऐसे नेता अपने बयानों में जो बातें कहें, वे तथ्यों पर आधारित हों। आपको बताए गए तथ्यों को सत्यापित करना चाहिए ताकि मतदाताओं के गुमराह होने की कोई संभावना न रह जाए।”

नोटिस में यह भी याद दिलाया गया है कि आयोग ने हाल ही में सार्वजनिक विमर्श के "गिरते स्तर" को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की थी और सभी राजनीतिक दलों को सलाह दी गई थी कि वे चुनावी प्रचार में गरिमा बनाए रखें, शालीनता की सीमाओं का उल्लंघन करने, राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के चरित्र व आचरण पर हमले करने से बचें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)