देश की खबरें | जूनागढ़ नगर निगम चुनाव में आठ कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, भाजपा की जीत की संभावना

जूनागढ़, तीन फरवरी गुजरात के जूनागढ़ नगर निगम (जेएमसी) में सोमवार को कांग्रेस के आठ उम्मीदवारों द्वारा अपना नामांकन वापस लिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कुल 60 में से आठ सीट पर निर्विरोध जीत मिलने की संभावना है। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वैसे, आधिकारिक घोषणा 16 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि चार फरवरी को की जाएगी, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया है कि उसने ये आठ सीट निर्विरोध जीत ली हैं, क्योंकि मैदान में अन्य दावेदार नहीं हैं।

निर्वाचन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दो वार्डों में फैली इन सीट पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने चुनाव से बाहर होने का फैसला किया है, जिससे केवल भाजपा उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में रह गए हैं।

गुजरात में जेएमसी, 66 नगर पालिकाओं और तीन तालुका पंचायतों के लिए मतदान 16 फरवरी को होगा।

पिछले महीने, राज्य निर्वाचन आयोग ने इन नगर निकायों के वास्ते चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी जिसके अनुसार इन चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने और वापस लेने की अंतिम तिथि क्रमशः एक फरवरी और चार फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच तीन फरवरी को होगी।

जूनागढ़ नगर निकाय में 15 वार्डों (प्रत्येक वार्ड में 4) में 60 सीट हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने 2019 में 54 सीट जीतकर चुनाव में विजय हासिल की थी।

वार्ड संख्या तीन और 14 के निर्वाचन अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि आठ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे अब केवल भाजपा उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)