देश की खबरें | भारत के आठ समुद्र तटों को ‘ब्लू फ्लैग’ प्रमाणन मिला
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर भारत के आठ समुद्र तटों को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन ‘ब्लू फ्लैग’ दिया गया है। पर्यावरण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसे देश के लिए ‘गर्व का क्षण’ बताया और कहा कि यह प्रमाणन भारत के संरक्षण और सतत विकास प्रयासों को वैश्विक मान्यता है।

यह भी पढ़े | ‘प्रदूषण मुक्त’ दिल्ली के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल की बड़ी पहल- इलेक्ट्रिक वाहनों को रोड टैक्स पर दी छूट, रजिस्ट्रेशन फीस भी जल्द होगी माफ.

ब्लू फ्लैग प्रमाणन डेनमार्क की एक संस्था द्वारा दिया जाता है। इसके लिए चार प्रमुख आधारों पर आकलन किया जाता है, जिनमें पर्यावरण शिक्षा एवं सूचना, नहाने के पानी की गुणवत्ता, पर्यावरण प्रबंधन और समुद्र तटों पर संरक्षण, सुरक्षा एवं सेवा शामिल है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पांच राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों के आठ समुद्री तटों को अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन ‘ब्लू फ्लैग’ दिया गया है।

यह भी पढ़े | Blue Flag Tag: केरल के कप्पड़ और ओडिशा के गोल्डन बीच समेत देश के 8 तटों को मिला प्रतिष्ठित ‘ब्लू फ्लैग’, जानिए इसका महत्त्व.

यह प्रमाणन एक अंतरराष्ट्रीय जूरी द्वारा किया जाता है जिसमें संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी), संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ), डेनमार्क स्थित एनजीओ फाउंडेशन फॉर एनवायरनमेंटल एजुकेशन (एफईई) और इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) के प्रख्यात सदस्य शामिल होते हैं।

बयान में कहा गया है कि जिन समुद्र तटों को ‘ब्लू-फ्लैग प्रमाणन’ दिया गया है, उनमें गुजरात में शिवराजपुर (गुजरात), दीव में घोघला, कर्नाटक में कासरकोड और पदुबद्री, केरल में कप्पाड़, आंध्र प्रदेश में रुशिकोंडा, ओडिशा में गोल्डन और अंडमान और निकोबार का राधानगर समुद्र तट शामिल हैं।

जावड़ेकर ने कई ट्वीट कर कहा, ‘‘भारत के लिए गर्व का क्षण; सरकार द्वारा अनुशंसित किये गये सभी आठ समुद्र तटों को अंतरराष्ट्रीय ‘ब्लू फ्लैग प्रमाणन’ मिला।’’

सरकार ने 18 सितम्बर को इन आठ तटों को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल इको-लेबल –ब्लू फ्लैग प्रमाणन के लिए अनुशंसित किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)