नयी दिल्ली, आठ जून भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देने के लिए शनिवार को चीन को धन्यवाद दिया और कहा कि वह "पारस्परिक सम्मान, आपसी हित और पारस्परिक भावना" के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के लिए प्रयास करना जारी रखेगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की टिप्पणी पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सीमा विवाद के चलते भारत और चीन के बीच संबंधों में ठहराव की पृष्ठभूमि में आई।
जायसवाल ने चीनी विदेश मंत्रालय द्वारा ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए पोस्ट किए गए बधाई संदेश का जवाब दिया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देने के लिए धन्यवाद चीनी विदेश मंत्रालय। पारस्परिक सम्मान, आपसी हित और पारस्परिक भावना के आधार पर भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखेंगे।"
भारत लगातार यह कहता रहा है कि समग्र संबंधों को सामान्य बनाने के लिए एलएसी पर शांति और स्थिरता महत्वपूर्ण है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पांच जून को कहा था, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को चुनाव में जीत पर बधाई। हम स्वस्थ एवं स्थिर चीन-भारत संबंध की आशा करते हैं।"
पांच में से चार पी-5 देशों के नेताओं ने मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी है। हालांकि, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से अभी तक कोई बधाई संदेश नहीं आया है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों-रूस, ब्रिटेन, अमेरिका, चीन और फ्रांस को पी-5 देशों के रूप में जाना जाता है।
भारत और चीन की सेनाओं के बीच मई 2020 से गतिरोध जारी है और सीमा विवाद का पूर्ण समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। हालांकि दोनों पक्ष विवाद वाले कई सीमा बिंदुओं से पीछे हट गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY