देश की खबरें | तालिबान की हिरासत से 18 कर्मचारियों को रिहा कराने के प्रयास जारी : अफगान एनजीओ

‘इंटरनेशनल असिस्टेंस मिशन’ ने कहा कि इस महीने दो अलग-अलग मौकों पर घोर प्रांत स्थित उसके कार्यालय से 18 लोगों को हिरासत में लिया गया और बाद में उन्हें राजधानी काबुल ले जाया गया।

स्थानीय मीडिया ने दावा किया कि हिरासत में लिए गए लोगों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है और एनजीओ के कर्मचारियों को ईसाई धर्म का प्रचार करने के लिए हिरासत में लिया गया है।

एनजीओ ने कहा कि उसे आरोपों की प्रकृति के बारे में अब भी कोई जानकारी नहीं है।

गैर-लाभकारी संगठन ने कहा, ‘‘हमने वित्त मंत्रालय को इन बेहद चिंताजनक घटनाक्रमों के बारे में लिखा है, जहां हम एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ के रूप में कानूनी तौर पर पंजीकृत हैं।’’

इसने कहा, ‘‘हम अपने 18 सहयोगियों की शीघ्र रिहाई के लिए संयुक्त राष्ट्र और अफगानिस्तान में गैर सरकारी संगठनों के समन्वय निकाय ‘एसीबीएआर’ के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

इस मामले में तालिबान अधिकारियों की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)