देश की खबरें | हैदराबाद में नाबालिग लड़की से शादी करने वाले व्यक्ति को पकड़ने के प्रयास जारी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

हैदराबाद, एक जनवरी हैदराबाद में एक नाबालिग लड़की की चाची द्वारा रची गई कथित साजिश के तहत गैरकानूनी ढंग से उससे शादी करने वाले 57 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें केरल के रहने वाले इस व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास कर रही हैं।

पुलिस ने पहले कहा कि 16 वर्षीय लड़की की गैरकानूनी शादी में शामिल छह लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया और लड़की को बचाया गया ।

उन्होंने कहा कि शादी के बाद फरार चल रहे इस शख्स पर लड़की का यौन उत्पीड़न करने का भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि लड़की की चाची को कुछ कर्ज चुकाना था तो उसने हाल ही में दो लाख रुपये लेकर लड़की की उस शख्स से शादी करने की योजना बनाई थी।

हैदराबाद पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि चाची ने अपने पति, बेटे, दो एजेंटों और एक काजी (ये गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से हैं) के साथ मिलकर साजिश रची और काजी को झूठे दस्तावेज सौंपकर लड़की की ‘‘गैरकानूनी’’ तरीके से शादी करा दी।

लड़की के एक चचेरे भाई ने 28 दिसंबर को पुलिस से शिकायत की जिसके बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया ।

पुलिस ने कहा कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि शादी के बाद उस शख्स ने यहां एक लॉज में लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था ।

पुलिस ने कहा कि लड़की अपनी मां के निधन के बाद चाची के साथ रह रही थी । उसके पिता लकवाग्रस्त हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)