नयी दिल्ली, 12 अगस्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में दुर्लभ सी कुकूम्बर(एक प्रकार का घोंघा) के कथित तस्कर पर धनशोधन के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह जानकारी केंद्रीय एजेंसी ने बृहस्पतिवार को दी।
सी कुकूम्बर एक समुद्री घोंघा है जिसका औषधीय इस्तेमाल होता है। इसका खाने में भी इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें ‘समुद्र के सफाईकर्मी’ के तौर पर भी जाना जाता है और ये स्वस्थ समुद्री पारिस्थितिकी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एजेंसी ने धनशोधन निवारण कानून (पीएमएलए) के प्रावधान के तहत मामला दर्ज करने के बाद रामेश्वरम में आरोपी विलयुथम के होटल और आवासीय परिसर पर नौ अगस्त को छापा मारा।
उसके खिलाफ स्थानीय पुलिस द्वारा वन्यजीव संरक्षण कानून सहित विभिन्न धाराओं में करीब 13 मामले दर्ज हैं, जिन पर गौर करने के बाद एजेंसी ने आपराधिक मामला दर्ज किया।
ईडी ने बयान जारी कर दावा किया, ‘‘इस अभियान में काफी संख्या में बिक्री करार, नकद प्राप्ति रसीद, चेकबुक और अपराध साबित करने वाले अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।’’
इसने कहा, ‘‘छापेमारी के दौरान जब्त दस्तावेजों से पता चलता है कि विलयुथम की संपत्ति करीब पांच करोड़ रुपये की है।’’
भारत में यह वन्यजीव संरक्षण कानून,1972 की अनुसूची-एक के तहत आता है और इसके संग्रह पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY