देश की खबरें | ईडी ने ‘न्यूजक्लिक’ धनशोधन मामले में अमेरिकी अरबपति सिंघम को ताजा समन जारी किया

नयी दिल्ली, 16 नवंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन न्यूज पोर्टल ‘न्यूजक्लिक’ से जुड़े धनशोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में अमेरिकी अरबपति नेविल रॉय सिंघम को ताजा समन जारी किए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अमेरिकी कारोबारी सिंघम पर भारत में चीनी ‘दुष्प्रचार’ फैलाने का आरोप है। कहा जाता है कि वह फिलहाल शंघाई में है।

सूत्रों ने बताया कि ईडी ने सिंघम को धन शोधन निषेध अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत नए समन जारी किए।

आरोपी के बयान दर्ज करने के लिए एजेंसी द्वारा एक स्थानीय अदालत से ‘लेटर्स रोगेटरी’ (एलआर) प्राप्त करने के बाद उन्हें यह नया नोटिस जारी किया गया है।

सिंघम को ये समन उनके ईमेल आईडी पर और चीनी सरकारी चैनलों के माध्यम से भेजे गए हैं। माना जा रहा है कि ईडी ने उन्हें यह दूसरी बार समन जारी किया है। मामले की 2021 में जांच शुरू की जाने के बाद पिछले वर्ष उन्हें पहला समन जारी किया गया था।

सिंघम का नाम कुछ माह पहले ‘न्यूयॉक टाइम्स’ के एक लेख में सुर्खियों में आया था।

इस खबर के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने इस समाचार और ईडी द्वारा साझा किए गए कुछ ‘‘सबूत’’ के आधार पर उनके और न्यूजक्लिक के संस्थापकों के खिलाफ एक प्राथमिकी भी दर्ज की थी।

सिंघम ने समाचारपत्र ‘द हिंदू’ को अक्टूबर में एक बयान जारी कर कहा था कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी में इस्तेमाल की गई ‘‘दृढ़ता से यह कहती है’’ ये दावे ‘‘द न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा प्रकाशित एक लेख में दी गई गलत जानकारी से प्रभावित हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)