देश की खबरें | ईडी ने धनशोधन मामले में असम सहकारी बैंक के पूर्व एमडी को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 24 जून प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने असम स्थित औद्योगिक सहकारी बैंक लिमिटेड के एक पूर्व प्रबंध निदेशक को बैंक के साथ कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में धनशोधन रोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया है।

ईडी ने शुक्रवार को कहा कि सुभ्रा ज्योति भराली को 22 जून को हिरासत में लिया गया था और अगले दिन गुवाहाटी में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया गया था।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि औद्योगिक सहकारी बैंक लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक (एमडी) को अदालत ने ईडी के सात दिन के रिमांड पर भेज दिया।

बयान में कहा गया, "ईडी ने उसे धनशोधन के अपराध में शामिल होने और पीएमएलए जांच में सहयोग न करने के कारण गिरफ्तार किया है।"

एजेंसी के अनुसार, जांच में पाया गया कि "भराली ने औद्योगिक सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में काम करते हुए, अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया और भुगतान संग्राहकों तथा फील्ड एक्जीक्यूटिव को यात्रा भत्ता देने की आड़ में बैंक की लगभग 9.51 करोड़ रुपये की राशि का गबन किया।"

धनशोधन का मामला गुवाहाटी पुलिस (पानबाजार थाने) की प्राथमिकी से संबंधित है, जो भराली के खिलाफ बैंक के धन की वित्तीय हेराफेरी करने के आरोप में दर्ज की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)