देश की खबरें | ईडी ने मवेशी तस्करी मामले में बीएसएफ के पूर्व कमांडेंट को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मवेशियों की कथित तस्करी से जुड़े एक मामले में बीएसएफ के पूर्व कमांडेंट सतीश कुमार को धन शोधन रोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कुमार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 36वीं बटालियन के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर हैं, जिस पर दोनों पड़ोसी देशों की सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।

वह पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में बीएसएफ इकाइयों की कमान संभाल चुके हैं। उन्हें इसी मामले में पहले सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया था।

ईडी के मुताबिक, कुमार को पिछले सप्ताह हफ्ते धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिए जाने के बाद 23 अप्रैल को दिल्ली की एक विशेष अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें तीन दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।

जांच एजेंसी ने एक बयान जारी कर कहा, “कुमार ने इस अपराध से 12.8 करोड़ रुपये हासिल किए थे, जो मोहम्मद इनामुल हक द्वारा उनकी पत्नी और ससुर के बैंक खाते में अंतरित किए गए थे। इस रकम का शोधन करके अचल संपत्तियां और म्यूचुअल फंड खरीदे गए।”

मवेशियों की तस्करी के इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है।

जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी हक को 18 फरवरी को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)