देश की खबरें | झारखंड उच्च न्यायालय में ई-सेवा केंद्र सह हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई

रांची, 22 अगस्त झारखंड उच्च न्यायालय में वादियों की मदद करने और ई-याचिका की बारीकियों से अवगत कराने के लिए दो ‘हेल्प डेस्क’ की शुरुआत की गई है।

ई-सेवा सह हेल्प डेस्क उच्च न्यायालय के अधिवक्ता ब्लॉक-1 और 2 इमारतों के प्रवेश द्वार पर स्थापित किया गया है।

अदालत परिसर में आने वाला कोई भी वादी इस हेल्प डेस्क का पता लगा सकता है, जिसपर उच्च न्यायालय के कर्मी आगंतुकों की सहयता के लिए उपलब्ध रहेंगे।

झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा ने सोमवार को अदालती कार्य समाप्त होने के बाद सभी मौजूदा न्यायाधीशों की उपस्थिति में हेल्प डेस्क की शुरुआत की।

पूछताछ या ई-याचिका के लिए आने वाले वादियों और आगंतुकों की मदद के लिए प्रिंटर के साथ दो कंप्यूटर और इंटरनेट सेवा मुहैया की गई है।

झारखंड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल मुहम्मद शकीर ने बताया कि वादी और वकील हेल्प डेस्क से मुकदमों की स्थिति, सुनवाई की अगली तारीख और संबंधित अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रजिस्ट्रार जनरल ने बताया कि उच्च न्यायालय के फैसले और आदेशों की सत्यापित प्रति के लिए ऑनलाइन आवेदन भी हेल्प डेस्क पर स्वीकार किया जाएगा।

हेल्प डेस्क आवेदन पर ‘ई-मुलाकात’ पर्ची भी जारी करेगा, जिसकी मदद से कैदी के रिश्तेदार जेल में उनसे मुलाकात कर सकेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)