देश की खबरें | भोपाल में विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष समेत अन्य नेता हिरासत में

भोपाल, 12 मई मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के ‘‘ युवा शंखनाद’’ आंदोलन के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचने का प्रयास कर रहे युवक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी सहित कांग्रेस के करीब 60 नेताओं, कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने करीब 2000 प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारी रेड क्रॉस अस्पताल के पास बेरिकेड्स पार करने की कोशिश कर रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास लिंक रोड क्रमांक एक पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर लगाम रखने में विफल रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आदिवासी समुदाय के लोगों पर हो रहे अत्याचारों को रोकने में भी विफल रही है।

मालूम हो कि प्रदेश के सिवनी जिले में गत तीन मई को गोहत्या के संदेह में भीड़ द्वारा दो आदिवासियों को कथित तौर पर पीट पीटकर मार दिया गया था।

कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास विपक्ष के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए पुलिस, पैसा और प्रशासन है लेकिन वह कांग्रेस के विरोध को नहीं रोक सकेगी।

युवक कांग्रेस के ‘‘ युवा शंखनाद’’ आंदोलन के एक दिन पहले कमलनाथ ने ट्वीट कर युवाओं से मध्यप्रदेश और अपने भविष्य को बचाने की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।

पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा , ‘‘ मध्यप्रदेश सरकार युवाओं की आवाज को दबाना चाहती है। हम मध्यप्रदेश में 2023 में सरकार बनाने जा रहे हैं।’’

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन एक) श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि पुलिस ने 60 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें छोड़ दिया।

सोमवंशी ने इस बात से इंकार किया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लाठीचार्ज किया।

दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)