कोच्चि, 16 मई केरल में कोच्चि की एक अदालत ने 2500 किलोग्राम से अधिक वजन का नशीला पदार्थ जब्त किए जाने के मामले में गिरफ्तार पाकिस्तान के एक नागरिक को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में भेज दिया है। उसे कोच्चि के भारतीय जल क्षेत्र से एक पोत से गिरफ्तार किया गया था।
एनसीबी ने अदालत को बताया कि आरोपी पाकिस्तान के एक मादक तस्कर के लिए काम कर रहा था।
एजेंसी की ओर से सोमवार शाम दायर किए गए आवेदन में कहा गया है कि पाकिस्तान के मादक पदार्थ तस्कर ने काम पूरा होने पर जुबैर देराकश शनंदाह को अच्छा पैसा देने को कहा था।
नवीनतम मूल्यांकन के बाद उसके पास से जब्त की गई ‘मेथम्फेटामाइन’ का वास्तविक वाणिज्यिक मूल्य 25,000 करोड़ रुपये के करीब है।
अदालत ने एजेंसी की दलीलों पर विचार करने के बाद आरोपी को 14 दिन की उसकी हिरासत में भेज दिया।
एनसीबी ने कहा, "मेथम्फेटामाइनका कुल वजन 2,525.675 किलोग्राम है।"
शुरुआत में इसकी कीमत 12,000 करोड़ रुपये आंकी गई थी और एनसीबी ने कहा था कि यह मेथाम्फेटामाइन की देश में अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है।
एजेंसी ने दावा किया कि 2,500 किलोग्राम से अधिक की मेथाम्फेटामाइन की खेप अफगानिस्तान से लाई गई थी और यह भारत, श्रीलंका और मालदीव के लिए थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY